रामगढ़: शहर के होटल ला मैरिटल में कांग्रेस ओबीसी विभाग की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें आगामी जनगणना में ओबीसी वर्ग के लिए अलग कॉलम जोड़ने समेत सामाजिक न्याय से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह रामगढ़ विधायक ममता देवी ने कहा कि देश में ओबीसी वर्ग की बड़ी आबादी होने के बावजूद जनगणना में इसकी वास्तविक संख्या का स्पष्ट आंकड़ा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में आगामी जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ा जाना जरूरी है। इससे ओबीसी की वास्तविक आबादी के आंकड़े सामने आएंगे और उसके आधार पर सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक अधिकारों के साथ कल्याणकारी योजनाओं का उचित निर्धारण किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ना सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। कांग्रेस ओबीसी समाज के अधिकार और सम्मान के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष रणधीर गुप्ता ने कहा कि इस मांग को लेकर पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी। इसी क्रम में 16 सितंबर को रांची में बापू वाटिका से लोक भवन तक पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसके माध्यम से सरकार के समक्ष आगामी जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम जोड़ने की मांग रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ओबीसी की वास्तविक जनसंख्या का आंकड़ा सामने आने के बाद ही आबादी के अनुपात में अधिकार, प्रतिनिधित्व और सरकारी योजनाओं का बेहतर निर्धारण संभव होगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी, प्रदेश कांग्रेस नेता राजकुमार यादव, प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेटर अमर यादव, ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, प्रवक्ता मुकेश यादव, कांग्रेस जिला प्रवक्ता सह मीडिया चेयरमैन सुधीर मंगलेश, संतोष सोनी समेत अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।
