​जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने नकली एसआईआर कर्मी बनकर एक फ्लैट में घुसकर महिला को बंधक बनाया, मारपीट की और सोने के जेवर लूट लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गलाया हुआ सोना भी बरामद कर लिया है।

घटना 31 अगस्त 2026 की है, जब मानगो के गोविंदा ब्लॉक स्थित श्री कृष्णा उद्यान कॉम्प्लेक्स (फ्लैट नं. E/5, 5वीं मंजिल) में अज्ञात अपराधी SIR कर्मी बनकर दाखिल हुए। अपराधियों ने घर में मौजूद लिलावती अम्मा को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और पहने हुए सोने के आभूषण छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में पीड़िता की शिकायत पर 2 सितंबर को मानगो थाना में मामला दर्ज किया गया था।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। सिटी एसपी की निगरानी और एएसपी (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में काम कर रही टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं की मदद से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

​गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

​राकेश बहादुर उर्फ राकू (45 वर्ष),

​अभिषेक कुमार दास (26 वर्ष),

​तबस्सुम खातुन (35 वर्ष) और

​समरेश पॉल उर्फ नान्दु पॉल (48 वर्ष) के रूप में हुई है।

आरोपियों ने पहचान छिपाने की नीयत से लूटे गए सोने को गलाकर चपटा और गोलाकार बना दिया था। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से इसे बरामद कर लिया गया है।

​फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने इस फर्जीवाड़े की योजना कैसे बनाई थी और क्या वे किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं।