रांची: फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के सत्र 2026-27 के लिए रविवार को चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गई। मारवाड़ी भवन में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित मतदान के बाद तुलसी पटेल को नये अध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया।
देर शाम आए चुनाव परिणामों के अनुसार, 21 सदस्यीय कार्यकारिणी में टीम तुलसी पटेल ने 13 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि टीम मुकेश अग्रवाल के 8 सदस्य निर्वाचित हुए। इस बार के चुनाव में भी सदस्यों ने प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ पर अपना विश्वास बरकरार रखते हुए उन्हें नयी समिति में जगह दी।
चुनाव समिति के चेयरमैन अंचल किंगर और को-चेयरमैन पवन शर्मा ने बताया कि मतदान को व्यवस्थित, अनुशासित और पारदर्शी बनाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पूरी चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में सीए और सीएस इंस्टीट्यूट के विद्यार्थियों समेत अन्य कर्मियों ने अहम भूमिका निभाई।
गौरतलब है कि कार्यकारिणी और 3 प्रमंडलीय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पदों के लिए कुल 86 नामांकन प्राप्त हुए थे। स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 65 प्रत्याशी चुनावी मैदान में किस्मत आजमा रहे थे।
