रांची। झारखंड में खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन बिल (एमएमडीआर) के विरोध में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस आगामी 26 सितंबर को रांची में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार 'हल्ला बोल' प्रदर्शन करेगी। यह मार्च मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से शुरू होकर लोकभवन तक जाएगा, जिसके बाद इसे राज्य के हर प्रखंड और गांव-गांव तक ले जाने की योजना है।
कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एमएमडीआर संशोधन बिल के जरिए केंद्र सरकार की नजर झारखंड के समृद्ध खनिज संसाधनों पर है। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के नाम पर हुई चंदा चोरी के मुद्दे को भी बेहद गंभीर बताते हुए केंद्र सरकार को घेरा।
प्रेस वार्ता के दौरान जनगणना प्रक्रिया में पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।ओबीसी मोर्चा की ओर से 16 सितंबर को रांची में लोकभवन तक पैदल मार्च निकाला जाएगा और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में 40 कॉलम होने के बावजूद एससी और एसटी की तर्ज पर ओबीसी के लिए कोई अलग कॉलम नहीं रखा गया है।प्रदीप यादव ने मांग की कि राज्य में ओबीसी की बड़ी आबादी को देखते हुए डिजिटल कोड के साथ जनगणना में उनके लिए अलग जगह तय की जानी चाहिए।
इस मौके पर पार्टी के मीडिया प्रवक्ता सतीश पॉल मुजनी सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
