रांची। झारखंड भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में नवनियुक्त प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्षा डॉ सीमा सिंह ने विधिवत् पदभार ग्रहण किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्षा आरती सिंह और आरती कुजूर समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पदभार संभालने के बाद डॉ सीमा सिंह ने कहा कि वे इस पद को प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करती हैं। उन्होंने घोषणा की कि संगठन में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने महिलाओं को दृढ़ इच्छाशक्ति का पर्याय बताते हुए कहा कि महिलाओं के बिना विकसित भारत का सपना अधूरा है।

प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि भाजपा में पद प्रतिष्ठा के लिए नहीं बल्कि दायित्व के लिए होता है। मोदी सरकार की योजनाओं के केंद्र में हमेशा महिलाएं रही हैं। आरती कुजूर व आरती सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं को दिए गए 33% आरक्षण का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि नई अध्यक्षा के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा।

कार्यक्रम का संचालन रेणु तिर्की ने किया। इस अवसर पर महापौर रोशनी खलखो, शालिनी बैसिखियार, सीमा शर्मा, काजल प्रधान और गंगोत्री कुजूर सहित कई प्रमुख महिला कार्यकर्ता उपस्थित थीं।