देवघर। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी के मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। मोहनपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जयपुर निवासी सुधाकर कुमार को बैजनाथपुर से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मोहनपुर थाना प्रभारी संदीप कृष्णा के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से कई महत्वपूर्ण पेपर, चेकबुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस और जांच एजेंसियां इन दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इनका परीक्षा में हुई गड़बड़ी से क्या सीधा संबंध है।
गिरफ्तारी के बाद मोहनपुर पुलिस ने सुधाकर से शुरुआती पूछताछ की, जिसमें परीक्षा से जुड़े संपर्कों और अन्य अहम पहलुओं की जानकारी जुटाई गई। इसके बाद मामले की जांच कर रही सीआईडी की टीम देवघर पहुंची और आरोपी सुधाकर कुमार को अपने साथ रांची ले गई। फिलहाल सीआईडी आरोपी से पूरे नेक्सस को लेकर पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व अन्य संपर्कों की कड़ियां खंगाल रही है।
सुधाकर की गिरफ्तारी और सीआईडी के टेकओवर के बाद इस मामले में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, जांच की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस या सीआईडी की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सुधाकर की वास्तविक भूमिका और पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी।
