रांची। कांके पुलिस ने चौड़ी बस्ती (मसना) में हुई हत्या के मामले का उद्भेदन करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान राजन तिर्की (ग्राम-चामा, बुकरू) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल 7.65 एमएम का एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल और तीन स्मार्ट फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी संजय गाड़ी को कार बेचने के एवज में ₹9,000 एडवांस मिले थे। मृतक राजन तिर्की और अन्य दोस्तों ने संजय से पार्टी देने का दबाव बनाकर वह रकम छीन ली थी। पार्टी के दौरान मसना स्थित स्थान पर संजय गाड़ी और राजन तिर्की के बीच विवाद हो गया। बहस के दौरान संजय गाड़ी ने अपनी कमर से पिस्टल निकाल कर राजन को गोली मार दी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से अन्य साथियों की मदद से शव को पोटपोटो नदी के तेज बहाव में बहा दिया।
घटना के बाद गठित छापामारी दल ने खून के निशानों और ड्रोन कैमरे की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। 11 सितंबर को पोटपोटो नदी तट (जयप्रकाश नगर) से शव को बरामद किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों संजय गाड़ी,आकाश महली उर्फ चुद्ध और नीतिन उरांव को जेल भेज दिया है।
