रांची। फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज की 62वीं वार्षिक आमसभा शनिवार को चैंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न जिलों से आए 156 सदस्य, व्यवसायी व उद्यमी शामिल हुए।

चुनाव अधिकारी अंचल किंगर और पवन शर्मा ने बताया कि 21 कार्यकारिणी सदस्यों तथा पलामू, साउथ छोटानागपुर व संताल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए रविवार सुबह 9 से शाम 5 बजे तक हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन में मतदान होगा। इसके बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। महासचिव रोहित अग्रवाल ने वार्षिक गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल द्वारा प्रस्तुत सत्र 2025-26 के बैलेंस शीट व आय-व्यय रिपोर्ट को ध्वनिमत से पारित किया गया। आगामी एक वर्ष के लिए मेसर्स जेएन अग्रवाल एंड कंपनी को पुनः चैंबर का ऑडिटर नियुक्त किया गया।

अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि पहली बार फेडरेशन ने झारखण्ड सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ दावोस में 'वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम' में भाग लिया।

इसके अलावा, अनाधिकृत भवनों के नियमितीकरण, कृषि मंडी व औद्योगिक समस्याओं, 114 देशों के दूतावासों से संपर्क, आईटी पार्क और निफ्ट की स्थापना जैसे विषयों पर चैंबर के प्रयास सफल रहे। सदस्यों ने खड़े होकर अध्यक्षीय कार्यकाल की सराहना की।

वहीं, तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। कोयलांचल से अमरजीत सिंह सलूजा, कोल्हान से विजय आनंद मूंका और उत्तरी छोटानागपुर से विनय कुमार अग्रवाल शामिल हैं।