जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना पुलिस ने अवैध महुआ शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 330 लीटर महुआ शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के ग्वाला बस्ती निवासी विकास विशाल उर्फ छोटू और धीरेन तांती के रूप में हुई है।
डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कार से अवैध महुआ शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर बागबेड़ा पुलिस ने जगन्नाथपुर मोड़/पुल के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार की डिक्की से महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर कुल 330 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, शराब को सिदगोड़ा क्षेत्र में ले जाकर सप्लाई करने की तैयारी थी।
पुलिस शराब के स्रोत और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
