​रांची। राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) डेंटल कॉलेज के इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड का भुगतान न होने के विरोध में मंगलवार को काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी। लंबे समय से स्टाइपेंड का भुगतान न होने से नाराज छात्र परिसर में ही विरोध प्रदर्शन करते हुए काम से अलग रहे।

राज्य के सबसे बड़े डेंटल कॉलेज में प्रतिदिन रांची समेत झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज कराने पहुंचते हैं। ओपीडी में रोजाना रहने वाली भीड़ के बीच इंटर्न छात्रों के काम बंद करने का सीधा असर चिकित्सा सेवाओं पर पड़ा। सामान्य दंत चिकित्सा सहित कई नियमित सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को उपचार के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उन्हें निर्धारित स्टाइपेंड समय पर नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रबंधन से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तब जाकर उन्हें काम बंद करने का निर्णय लेना पड़ा। छात्रों की मुख्य मांगे है।​लंबित स्टाइपेंड का तुरंत भुगतान किया जाए।​भविष्य में हर महीने समय पर स्टाइपेंड का भुगतान सुनिश्चित हो।

मामले पर रिम्स डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जयप्रकाश ने स्पष्ट किया कि प्रबंधन की मंशा भुगतान रोकने की बिल्कुल नहीं है। उन्होंने बताया कि अकाउंट्स से जुड़े कुछ तकनीकी कारणों से यह देरी हुई है। फिलहाल तकनीकी खामियों को दूर करने की प्रक्रिया जारी है, जिसके पूरा होते ही सभी इंटर्न छात्रों के स्टाइपेंड का भुगतान कर दिया जाएगा।