रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सीजीएल परीक्षा में धांधली और विवाद से जुड़े मामले में सीआईडी की टीम ने मंगलवार को पूछताछ के बाद कोडरमा निवासी दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक मशहूर यूट्यूबर और दूसरा एक सामाजिक ट्रस्ट का संचालक शामिल है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश प्रसाद यादव और संदीप कुमार के रूप में हुई है।
मामले की जांच कर रही सीआईडी को पूर्व में हिरासत में लिए गए अन्य आरोपियों से पूछताछ के दौरान इन दोनों युवकों के तार परीक्षा विवाद से जुड़े होने के संकेत मिले थे। गुप्त सूचना के आधार पर सीआईडी की टीम ने कोडरमा के डोमचांच और पूर्णानगर में अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान डोमचांच के गोलवाढाब से राजेश प्रसाद यादव को और कोडरमा थाना क्षेत्र के पूर्णानगर से संदीप कुमार को हिरासत में लिया गया। तीन दिनों तक रांची स्थित सीआईडी मुख्यालय में दोनों से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसके बाद मंगलवार को उनकी औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की गई। जांच में यह बात भी सामने आई है कि राजेश यादव और संदीप कुमार आपस में दोस्त हैं। सीआईडी अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि परीक्षा से जुड़े विवाद और फर्जीवाड़े में इन दोनों की क्या विशिष्ट भूमिका थी और इनके जरिए गिरोह के कौन-कौन से अन्य लोग जुड़े हुए हैं।
