जमशेदपुर। घरेलू उद्योग से जुड़ी महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और उन्हें एक बड़ा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था 'मोर पंख' द्वारा बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में तीन दिवसीय फेस्टिवल प्रदर्शनी सह मेला का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ।

​मेले का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथियों विधायक सरयू राय, भाजपा नेत्री मीरा मुंडा, मारवाड़ी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष मुकेश मित्तल और मंजू खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

​यह प्रदर्शनी मेला 17 सितंबर (गुरुवार) तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से रात 9:00 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।मेले में कुल 53 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें जमशेदपुर के अलावा कोलकाता, पुरुलिया और घाटशिला से आईं महिला उद्यमियों ने भी भाग लिया है। एक ही छत के नीचे शहरवासियों के लिए डिजाइनर कुर्तियां, साड़ियां, ट्रेंडी ज्वैलरी, बेडशीट, वंदनवार, लड्डू गोपाल की मनमोहक पोशाकें और आकर्षक गिफ्ट आइटम्स उपलब्ध हैं।

गृह उद्योगों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार हस्तनिर्मित मंगौड़ी, पापड़, और अचार जैसे शुद्ध उत्पाद भी किफायती दरों पर बिक्री के लिए रखे गए हैं।

​आयोजकों और भाग ले रही महिला उद्यमियों ने कहा कि आगामी त्योहारों के सीजन में घर की सजावट, खान-पान और खरीदारी के लिए यह मेला जमशेदपुर वासियों के लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित होगा।