रांची। पंजाब के लुधियाना स्थित गुरुनानक स्टेडियम में आयोजित 21वीं नेशनल यूथ एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) के हिमांशु सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
हिमांशु ने पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में 2.09 मीटर की छलांग लगाकर 2005 में राजेश कालीरमन्ना द्वारा बेंगलुरु में बनाए गए 2.08 मीटर के पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त किया और एक नया राष्ट्रीय मीट रिकॉर्ड कायम किया। स्पर्धा में असम के जुबिन गोहैन (2.09 मीटर) दूसरे और तमिलनाडु के शक्तिबेल वी. एन. (2.07 मीटर) तीसरे स्थान पर रहे। अन्य मुकाबलों में भी झारखंड के एथलीटों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।
ममता मेरी मुर्मू (पूर्वी सिंहभूम) ने बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में चौथा स्थान,जयदीप उरांव (लातेहार) ने हैप्टाथलन में पांचवां स्थान,कमलेश उरांव (गुमला) ने लंबी कूद में पांचवां स्थान,सुभाष उरांव (गुमला) ने 1000 मीटर दौड़ में छठा स्थान प्राप्त किया।
हिमांशु सिंह और अन्य सभी खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मुकेश कुमार, खेल निदेशक छवि रंजन, एएफआई वित्त समिति चेयरमैन डॉ. मधुकांत, झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, कोच विनोद सिंह तथा टीम मैनेजर राघवेंद्र कुमार सहित संघ के अन्य पदाधिकारियों ने बधाई दी है।
