​जमशेदपुर। जिला प्रशासन ने जमशेदपुर में जनसमस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए 'अबुआ मित्र' नामक व्हाट्सएप आधारित चैटबॉट सेवा (8580090001) की शुरुआत की है। उपायुक्त राजीव रंजन द्वारा लॉन्च की गई इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है।

​ आम नागरिक मोबाइल नंबर 8580090001 पर व्हाट्सएप संदेश भेजकर अपनी सुविधा अनुसार भाषा में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। चैट पर ही संबंधित दस्तावेज भी अपलोड किए जा सकेंगे। सभी प्राप्त शिकायतों को जिला प्रशासन के 'जन सहायता JSR' पोर्टल पर एकीकृत किया जाएगा। इसके बाद मामलों को संबंधित विभाग या सक्षम अधिकारी को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।

शिकायत की प्रगति की जानकारी आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर चरणबद्ध तरीके से एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी, जिससे दफ्तरों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं होगी।

​जिला प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से जनसमस्या निवारण में पारदर्शिता आएगी, अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और आम जनता का प्रशासन से सीधा संपर्क स्थापित हो सकेगा।