​रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा एचआर अधिकारियों के लिए “मानव संसाधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की भूमिका” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। सीसीएल मुख्यालय और विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 50 मानव संसाधन अधिकारियों ने इस प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया।

​कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन)सी.एस. तिवारी ने किया। इस दौरान कार्यक्रम के फैकल्टी देशबंधु मिश्रा तथा महाप्रबंधक (एचआरडी) एम.एफ. हक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

​स्वागत संबोधन में श्री हक ने कहा कि आधुनिक कार्य परिवेश में कृत्रिम बुद्धिमत्ता एक महत्वपूर्ण उपकरण बनकर उभरी है। बदलते समय की माँग को देखते हुए मानव संसाधन पेशेवरों के लिए एआई की कार्यप्रणाली को समझना और इसके प्रभावी उपयोग के लिए खुद को तैयार करना अत्यंत आवश्यक है।

​उद्घाटन भाषण में निदेशक (तकनीकी/संचालन) सी.एस. तिवारी ने एचआर मैनेजमेंट में एआई की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एआई तकनीक से विभागीय कार्यों को अधिक दक्ष, त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने सचेत करते हुए कहा कि एआई के इस्तेमाल में नैतिक पहलुओं, संभावित चुनौतियों और इसके 'ग्रे-एरिया' पर भी ध्यान देना जरूरी है, ताकि इसका उपयोग पूरी जिम्मेदारी और संतुलन के साथ किया जा सके।

​प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विभिन्न आयामों, मानव संसाधन प्रबंधन में इसके व्यावहारिक अनुप्रयोगों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी गई।