जमशेदपुर। ओडिशा के मयूरभंज जिले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 3 नवंबर से 5 नवंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय दौरा एक बार फिर स्थगित कर दिया गया है। इसकी जानकारी मयूरभंज जिला प्रशासन के अपर जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) ने दी है। फिलहाल राष्ट्रपति के दौरे की नई तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राष्ट्रपति के दौरे के स्थगित होने से उनके हाथों होने वाले विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रमों पर भी फिलहाल विराम लग गया है।
राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर मयूरभंज जिले में व्यापक तैयारियां की जा रही थीं। खासकर रेलवे से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं के उद्घाटन को लेकर लोगों में काफी उत्साह था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को रायरंगपुर और बादामपहाड़ रेलवे स्टेशनों पर विकसित अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हुए कार्यों का उद्घाटन करना था। इसके अलावा बादामपहाड़ से पुरी के बीच प्रस्तावित एक्सप्रेस ट्रेन को भी राष्ट्रपति के हाथों हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाना था।
राष्ट्रपति का दौरा स्थगित होने के कारण चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत होने वाले इन रेलवे कार्यक्रमों को भी फिर से टाल दिया गया है। अब रेलवे और स्थानीय लोगों को राष्ट्रपति के अगले दौरे तथा उद्घाटन कार्यक्रमों की नई तारीख का इंतजार करना होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 28 अक्टूबर को प्रस्तावित दो दिवसीय रायरंगपुर दौरा चक्रवाती तूफान अर्नब के खतरे को देखते हुए स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद राष्ट्रपति के दौरे के लिए 3 से 5 नवंबर की नई तारीख निर्धारित की गई थी। लेकिन अब यह कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया है।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से तैयारियां जोरों पर थीं। राष्ट्रपति रायरंगपुर में रेलवे परियोजनाओं के अलावा कई अन्य विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने वाली थीं। दौरा फिर से स्थगित होने की खबर से मयूरभंज और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में मायूसी है।
इधर, मयूरभंज के सांसद नवचरण माझी ने भी राष्ट्रपति के रायरंगपुर दौरे के स्थगित होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल राष्ट्रपति के अगले कार्यक्रम को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। नई तारीख की जानकारी मिलने के बाद ही रेलवे और जिला प्रशासन की ओर से आगे की तैयारियां की जाएंगी।
