​रांची। भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दर्शकों की सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और टिकट बिक्री को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। दोनों टीमें 7 अक्टूबर को रांची पहुंचेगी और 8 अक्टूबर को स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग लेंगी। 9 अक्टूबर को मैच के दिन दर्शकों का प्रवेश दोपहर 3:00 बजे से शुरू हो जाएगा।

​स्टेडियम के पश्चिमी छोर पर बनाए गए 6 विशेष काउंटरों से 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक टिकटों की बिक्री होगी (दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक लंच ब्रेक रहेगा)।4 काउंटर आम दर्शकों के लिए और 2 काउंटर महिलाओं व दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित रहेंगे।एक व्यक्ति अधिकतम 2 टिकट ही खरीद सकेगा। टिकटों की कीमत ₹1,600 से लेकर ₹18,000 तक तय की गई है।दर्शक District.in वेबसाइट के माध्यम से भी ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।

​जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने क्रिकेट प्रेमियों को सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी टिकट ऑफर और नकली विज्ञापनों से सतर्क रहने की हिदायत दी है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत प्लेटफॉर्म से टिकट न खरीदें और केवल आधिकारिक माध्यमों पर ही भरोसा करें। टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरे और विशेष टीमों के जरिए निगरानी रख रही है।

​39,500 से 40,000 दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में भीड़ नियंत्रण के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की गई है।

​बिना टिकट स्टेडियम के आसपास जुटने वाली भीड़ पर पूरी तरह रोक रहेगी।

​कॉरपोरेट बॉक्स, हॉस्पिटैलिटी और प्रेसिडेंट एन्क्लोजर के पासधारकों के लिए अलग पार्किंग ज़ोन बनाए गए हैं।

​ट्रैफिक पुलिस ने दर्शकों को सुरक्षा जांच और पार्किंग की असुविधा से बचने के लिए मैच शुरू होने से काफी पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी है।