​रांची। धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी 20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है। मैच की ऑफलाइन टिकटों की बिक्री सोमवार, 5 अक्टूबर से शुरू हो गई है। पसंदीदा सितारों को लाइव खेलते देखने के लिए रविवार रात से ही राज्य के अलग-अलग जिलों से पहुंचे प्रशंसक स्टेडियम परिसर के आसपास जुटने लगे थे।

रात में लाइन लगाने की अनुमति न होने के कारण सोमवार सुबह 7 बजे से दर्शकों को कतारबद्ध किया गया, जिसके बाद तय समय सुबह 9 बजे काउंटर खोले गए। भीड़ के बेहतर प्रबंधन के लिए परिसर में 5 काउंटर बनाए गए हैं, जहां सुबह 9 से शाम 4 बजे तक टिकट दिए जा रहे हैं। 5 और 6 अक्टूबर ऑफलाइन बिक्री केवल इन दो दिनों के लिए ही है।

प्रति व्यक्ति अधिकतम दो टिकट दिए गए।महिलाओं और दिव्यांग दर्शकों के लिए अलग काउंटर बनाए गए हैं। सुबह 5 बजे से ही महिला फैंस की लंबी लाइनें देखने को मिलीं।

टिकट की कतार में लगे युवाओं में उभरते बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और अभिषेक शर्मा के विस्फोटक खेल को लाइव देखने को लेकर खास क्रेज दिखा। भीड़ को नियंत्रित करने और शांतिपूर्ण वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और जेएससीए प्रबंधन द्वारा सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

राँची में भारत-वेस्टइंडीज टी 20 मैच को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद

एडीजी मनोज कौशिक ने जेएससीए स्टेडियम का किया निरीक्षण

​राँची।जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के दूसरे टी 20 मैच की तैयारियों का जायजा लेने आज एडीजी सह आईजी मनोज कौशिक स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जेएससीए पदाधिकारियों के साथ मिलकर सुरक्षा, पार्किंग, ट्रैफिक और आपातकालीन व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया।

​निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और जेएससीए के अध्यक्ष एवं सचिव समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

​एडीजी ने खिलाड़ियों, दर्शकों और वीआईपी सुरक्षा के साथ-साथ सुगम यातायात प्रबंधन के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के सख्त निर्देश दिए। राँची पुलिस ने आम नागरिकों और दर्शकों से मैच के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।