रांची। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस दौरान युवा एवं पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने तथा इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (इएलसी) की गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के माध्यम से युवाओं तक मतदाता जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा रहा है।के रवि कुमार ने कहा कि राज्य के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों, यूनिवर्सिटी एवं स्कूलों में बने इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की गई। इन क्लबों के माध्यम से सभी संस्थानों में विशेष अभियान चलाकर पात्र भारतीय नागरिकों को ECINET ऐप डाउनलोड करने एवं इसके माध्यम फॉर्म-6 भरकर जमा करने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र भारतीय युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 5 नवंबर को दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक राज्य के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में विद्यार्थियों के बीच इसीआईनेट (ECINET) ऐप डाउनलोड कराने का विशेष अभियान चलाया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि राज्य के स्कूल, कॉलेज एवं विश्वविद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए 'आवाज झारखंड 2026' भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थी निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों पर वीडियो आधारित भाषण तैयार कर गूगल फॉर्म के माध्यम से जमा कर सकेंगे।