रांची। झारखंड वन विभाग ने वन प्रबंधन एवं पौधरोपण योजनाओं की निगरानी को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए झारखंड सिल्वीकल्चर एवं प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम (जेएसपीएमएस) पोर्टल का शुभारंभ किया। इसका उद्घाटन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख, झारखंड संजीव कुमार ने किया। मौके पर संजीव कुमार ने कहा कि इस डिजिटल पोर्टल के माध्यम से राज्य के सभी प्रादेशिक, वन्यप्राणी एवं सामाजिक वानिकी प्रमंडलों में संचालित पौधरोपण एवं सिल्वीकल्चर योजनाओं की निगरानी और समीक्षा अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से की जा सकेगी। अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक विकास डी वेंकटेश्वर लू ने कहा कि इस पोर्टल के माध्यम से योजनाओं से संबंधित आंकड़े, वर्षवार पौधरोपण स्थलों की तस्वीरें एवं भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) आधारित के एम एल फाइल अपलोड की जा सकेंगी। इसमें वर्षवार, योजनावार एवं प्रमंडलवार प्रगति की समीक्षा के लिए विश्लेषणात्मक डैशबोर्ड के साथ एक्सेल एवं पीडीएफ में रिपोर्ट डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इस प्रणाली से पौधरोपण कार्यों की नियमित निगरानी, डिजिटल अभिलेखों का बेहतर संधारण तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।