बोकारो। कार्यस्थल पर सुरक्षा चूक और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की पहल की है। इसके तहत संयंत्र के शीर्ष प्रबंधन ने विभिन्न विभागों के सुरक्षा अधिकारियों, सुरक्षा साथियों और सेफ्टी वॉरियर्स के साथ सीधा संवाद किया। ‘सुरक्षा वार्ता’ के अंतर्गत आयोजित विशेष लार्ज ग्रुप इंटरैक्शन (एलजीआई) कार्यक्रम में करीब 350 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

सुरक्षा के प्रति सामूहिक जवाबदेही पर जोर

कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यस्थल पर सुरक्षा को केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी तक सीमित रखने के बजाय सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था। इसमें विभागीय सुरक्षा अधिकारी (डीएसओ), क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी (एएसओ), सुरक्षा साथी और सेफ्टी वॉरियर्स को शीर्ष प्रबंधन के साथ सीधे विचार-विमर्श का अवसर मिला।

निदेशक प्रभारी ने दिलाई सुरक्षा की शपथ

कार्यक्रम में बीएसएल के निदेशक प्रभारी के अलावा अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन), (माइंस), (सामग्री प्रबंधन), (परियोजनाएं), (संकार्य) और (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा) उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों के मुख्य महाप्रबंधक और विभागाध्यक्षों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक प्रभारी द्वारा सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाने के साथ हुई।

संभावित खतरों की पहचान और रोकथाम पर फोकस

प्रस्तुतीकरण के माध्यम से संयंत्र में संचालित प्रमुख सुरक्षा अभियानों और सुरक्षा अधिकारियों एवं सेफ्टी वॉरियर्स की भूमिका तथा जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। इसमें इंटरडिपेंडेंट सेफ्टी कल्चर यानी परस्पर उत्तरदायी सुरक्षा संस्कृति विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक कर्मचारी को अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सहकर्मियों की सुरक्षा के प्रति भी सजग रहना होगा। संभावित खतरों की समय रहते पहचान, जोखिमों की रोकथाम और सुरक्षा नियमों का पालन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी है।

कर्मचारियों ने प्रबंधन के सामने रखीं चुनौतियां

संवाद सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों और सुझावों को शीर्ष प्रबंधन के समक्ष रखा। अधिकारियों ने उनके विचारों को सुना और सुरक्षित कार्यप्रणालियों को प्रभावी बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।

सुरक्षित संयंत्र संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता

शीर्ष प्रबंधन ने कर्मचारियों से सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और प्रत्येक स्तर पर व्यक्तिगत जवाबदेही सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्यप्रणालियों का अनुपालन और सामूहिक सतर्कता ही सुरक्षित संयंत्र संचालन का आधार है। शॉप-फ्लोर पर कार्यरत सुरक्षा कर्मियों को सीधे शीर्ष प्रबंधन से जोड़ने की यह पहल बीएसएल में मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।