रांची। झारखंड के उच्च शिक्षा, नगर विकास, खेलकूद एवं पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार 'सोनू' के आकस्मिक निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने मंत्रिमंडल सहयोगी और आत्मीय साथी के असामयिक निधन पर गहरा दुख और पीड़ा व्यक्त की है।

​मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बेहद भावुक होकर कहा, "हमारे प्रिय सुदिव्य कुमार सोनू जी के असामयिक निधन की दुखद सूचना को स्वीकार कर पाना मेरे लिए बेहद कठिन है। मंत्रिमंडल सहयोगी का इस तरह चले जाना मेरे व्यक्तिगत जीवन में एक ऐसी शून्यता छोड़ गया है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है।"

​जिंदगी की क्षणभंगुरता को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कल तक जो बुलंद आवाज हमारे बीच गूंज रही थी, आज वह सिर्फ स्मृतियों में सिमट कर रह गई है। उन्होंने इसे राज्य के लिए एक कभी न पूरी होने वाली क्षति बताया और कहा कि सुदिव्य जी की कमी हमेशा हर पल महसूस होगी।

​मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहने का संबल प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने अपने प्रिय साथी को नमन करते हुए कहा कि वे हमेशा हमारी यादों में जीवित रहेंगे।