रांची। एमएमडीआर संशोधन विधेयक के विरोध में प्रदेश कांग्रेस 7 सितंबर को लोकभवन के सामने राज्यस्तरीय महाधरना देने जा रही है। पार्टी ने इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से लाखों कार्यकर्ताओं और आम जनता के शामिल होने का दावा किया है। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के अधिकारों में कटौती के खिलाफ यह आंदोलन किया जा रहा है। इसका मकसद केंद्र सरकार तक झारखंडी जनता की आवाज पहुंचाना है। इससे पहले 27 अगस्त को पूरे राज्य में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जा चुका है, और अब 7 सितंबर के राज्यस्तरीय कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस महाधरने में प्रदेश प्रभारी के. राजू, राष्ट्रीय सचिव बेला प्रसाद, भूपेंद्र मरावी, सभी कांग्रेस सांसद, मंत्री, विधायक, पूर्व जनप्रतिनिधि और पंचायत स्तर के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र के इस संशोधन विधेयक से झारखंड को हर साल लगभग 14,000 करोड़ रुपये का राजस्व नुकसान होगा, जिससे कई जनहितकारी योजनाएं प्रभावित होंगी।
आज खास
विशेष
