​रांची/गिरिडीह।झारखंड सरकार के मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुदिव्य कुमार 'सोनू' के असमय निधन के बाद राज्य और पार्टी स्तर पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

​मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार दोपहर लगभग 12 बजे रांची से गिरिडीह पहुंचेंगे। पारिवारिक व आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, दिवंगत नेता की अंत्येष्टि आज शाम करीब 4 बजे गिरिडीह स्थित नरसिंह घाट पर की जाएगी। उनके पार्थिव शरीर को विधानसभा परिसर लाने का कोई कार्यक्रम तय नहीं किया गया है।

​झामुमो का 7 सितंबर का धरना प्रदर्शन स्थगित

मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए पार्टी ने अपने प्रस्तावित कार्यक्रमों को रोक दिया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार, 07 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों, सचिवों और संयोजकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।