रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने भाजपा द्वारा दिए गए 48 घंटे के अल्टीमेटम और चरणबद्ध आंदोलन के ऐलान पर जवाबी हमला बोला है। उन्होंने भाजपा पर छात्रों के नाम पर राजनीतिक नौटंकी करने और युवाओं के आक्रोश का अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड के छात्रों के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहाने से पहले भाजपा को अपने शासनकाल का हिसाब देना चाहिए। केंद्र और झारखंड में वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद युवाओं के लिए रोजगार के कितने अवसर पैदा किए, इसका जवाब भाजपा नेतृत्व को देना चाहिए। श्री पांडेय ने छात्रों पर दर्ज मुकदमों को फर्जी बताने पर उन्होंने कहा कि यदि इसमें सच्चाई है तो भाजपा तथ्य और प्रमाण सामने रखे। कानून तोड़ने वालों को राजनीतिक संरक्षण देने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 48 घंटे के अल्टीमेटम को भाजपा की हताशा बताते हुए झामुमो नेता ने कहा कि झारखंड सरकार किसी के अल्टीमेटम से नहीं चलती।