रांची: राजधानी रांची में शनिवार को निर्माण स्थलों पर हुए दो अलग-अलग हादसों में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। पहला हादसा लालपुर थाना क्षेत्र में दीवार गिरने से हुआ, जबकि दूसरा हादसा अरगोड़ा थाना क्षेत्र में ढलाई के दौरान करंट लगने से पेश आया।
पहला हादसा लालपुर स्थित पैंटालून मॉल के सामने एक निर्माणाधीन मकान में हुआ। यहाँ खुदाई का काम चल रहा था, तभी अचानक निर्माण स्थल की दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त काम कर रहे मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। एक मजदूर सीधे दीवार के मलबे की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत कार्य चलाकर मलबे से मजदूर को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं।
दूसरी घटना अरगोड़ा थाना क्षेत्र की है, जहाँ एक निर्माणाधीन मकान में ढलाई का काम चल रहा था। इस दौरान मजदूर श्रीराम लोहरा हाई-टेंशन तार या बिजली के संपर्क में आने से गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मकान मालिक और ठेकेदार मौके से फरार हो गए।
लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और उचित मुआवजे की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर अरगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुँची। बाद में वार्ड पार्षद और थाना प्रभारी द्वारा निष्पक्ष जाँच व मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद लोगों ने सड़क जाम हटाया।
पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
