रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और भवन निर्माण से जुड़े मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नगर निगम का विशेष जांच अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शनिवार को निगम की टीम ने लालपुर स्थित पीडब्ल्यू विद्यापीठ कोचिंग संस्थान में औचक जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि संस्थान द्वारा स्वीकृत बिल्डिंग बॉय लॉज और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए बेसमेंट में कोचिंग कक्षाओं का संचालन किया जा रहा था। निगम अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद संस्थान द्वारा सुरक्षा व भवन मानकों में सुधार नहीं किया गया। इसके बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए पीडब्ल्यू विद्यापीठ को सील कर दिया गया।
कार्रवाई के इसी क्रम में नगर निगम की टीम ने हिनू स्थित 'बायोम इंस्टीट्यूट' और 'ब्रदर्स एकेडमी' का भी निरीक्षण किया। पूर्व में दिए गए नोटिस के जवाब में दोनों संस्थानों के संचालकों ने वांछित दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। संचालकों ने टीम को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक कागजात उपलब्ध हैं और उन्हें तय समय सीमा के भीतर निगम के समक्ष प्रस्तुत कर दिया जाएगा।
