खूंटी। खूंटी में बैडमिंटन के लिए एक इंडोर स्टेडियम की सुविधा शनिवार से उपलब्ध हो गयी है| इसका लाभ खेल प्रेमियों, युवाओं और उभरते खिलाड़ियों को पे एंड प्ले स्कीम के जरिए दिया जाना है| जिला खेल पदाधिकारी के स्तर से इसके लिए इच्छुक खिलाड़ियों और अन्य लोगों से रजिस्ट्रेशन कराए जाने को कहा गया है। साथ ही राज्य स्तरीय पदक विजेता खिलाड़ियों से भी मासिक शुल्क और वार्षिक शुल्क लिए जाने की सूचना जारी की है। हालांकि जिला खेल पदाधिकारी ने यह भी कहा है कि ऐसे उत्कृष्ट खिलाड़ियों को निर्धारित शुल्क में छूट दी जाएगी। यह भी कहा गया है कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को निःशुल्क अभ्यास का मौका दिया जाएगा। इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का लाभ खूंटी जिले के निवासियों को ही मिलेगा| इसके लिए जिला खेल कार्यालय में फॉर्म भरकर पंजीकरण कराना जरूरी है। अभ्यास के लिए उपलब्ध स्लॉट और समय की जानकारी जिला खेल कार्यालय द्वारा दी जाएगी। इस सत्र के लिए केवल 50 खिलाड़ियों का पंजीकरण होगा। इच्छुक खिलाड़ियों से पंजीकरण शुल्क के तौर पर 100 रुपये, मासिक शुल्क 500 रुपये (उत्कृष्ट खिलाड़ियों से 200), वार्षिक शुल्क 5500 (उत्कृष्ट खिलाड़ी से 2200) रुपये लिए जाएंगे। बैडमिंटन प्रैक्टिस के लिए 15 सितंबर से 26 सितंबर तक पंजीकरण होगा| खेल पदाधिकारी राजेश कुमार के मुताबिक, इंडोर स्टेडियम की सुविधा अब उपलब्ध हो गयी है| दो कोचों की मदद से खिलाड़ी यहां अभ्यास करेंगे| इससे आने वाले समय में शानदार खेल प्रतिभाएं सामने आयेंगी।