​रांची। राजधानी के व्यस्ततम इलाकों में शामिल सैनिक मार्केट स्थित प्रतिष्ठित 'आजाद फार्मेसी' में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। दुकान से धुएं का गुबार उठता देख आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, स्थानीय लोगों की सूझबूझ और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और समय रहते आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

​प्राथमिक जानकारी के अनुसार अगलगी की यह घटना शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रविवार को दुकान से अचानक तेज धुआं निकलने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दुकान संचालक और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और स्थानीय निवासियों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोका।

​इस हादसे में दुकान में रखी बड़ी मात्रा में दवाइयां, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया है। आजाद फार्मेसी के संचालक फिलहाल हुए नुकसान का सटीक आकलन करने में जुटे हैं, लेकिन शुरुआती अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

​राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है।