​धनबाद। जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की निर्मम हत्या का मामला ऑनर किलिंग का मामला निकला।पुलिस ने मामले का त्वरित खुलासा करते हुए साजिश में शामिल लड़की की मौसी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

बीती 11 सितंबर को बलियापुर थाना क्षेत्र के डांगी पहाड़ी की तलहटी से पुलिस ने एक अज्ञात नाबालिग लड़की का सिर कटा शव बरामद किया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, जिससे हत्याकांड की परतें खुलती चली गईं।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार संतोष रवानी के पुत्र करण रवानी ने मृतका से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से संतोष रवानी बेहद नाराज था और उसने बहु को रास्ते से हटाने के लिए खौफनाक साजिश रच डाली।

तकनीकी सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों—जय राम रवानी, किशोर महतो, आलमनी देवी (मृतका की मौसी) और राम प्रसाद रजवार को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया बड़ा धारदार छूरा, मृतका की चप्पल और पूजा सामग्री भी बरामद की है।

​पुलिस का कहना है कि इस साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।