बोकारो थर्मल। मुंबई के एक होटल में मजदूरी करने गए गोमिया (चतरोचट्टी) निवासी हीरालाल नायक की इलाज के दौरान जेजे अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार होटल मालिक से पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के बाद रेलवे पुलिस ने उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया था। करीब 13 दिनों तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। हीरालाल अपने पीछे पत्नी अनीता देवी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। घर के इकलौते कमाने वाले सदस्य के जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।