पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र के मानपुर पंचायत अंतर्गत सावनाडीह में आदिवासी स्टील स्पोर्टिंग क्लब की ओर से आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का आयोजन लगातार 33वें वर्ष किया जा रहा है। इस बार टूर्नामेंट में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में पोटका विधायक संजीव सरदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

विधायक ने मैदान में खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि खेल में जीत के साथ अनुशासन, मेहनत, समर्पण और खेल भावना का भी विशेष महत्व है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिल रहा मंच

विधायक संजीव सरदार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच और लगातार अवसर देने की। उन्होंने कहा कि गांवों के मैदानों से ही भविष्य के बड़े खिलाड़ी निकल सकते हैं। ऐसे स्थानीय टूर्नामेंट प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लगातार 33 वर्षों से इस टूर्नामेंट का आयोजन क्षेत्र में फुटबॉल के प्रति युवाओं और ग्रामीणों के उत्साह को दर्शाता है।

मौके पर माझी बाबा मतकमडीह राजेश मुर्मू, माझी बाबा सावनडीह मंगल मुर्मू, कालिकापुर पंचायत के मुखिया बागराय सोरेन, सालखान सोरेन, राजीव सोरेन, रोंजोई हेंब्रम, गुराई मुर्मू, मेगलाल मुर्मू, गगन मुर्मू, दिकू मुर्मू, संखो मुर्मू, सुखदेव मुर्मू, राजेश मुर्मू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेलप्रेमी मौजूद रहे।