देवघर। कुंडा थाना पुलिस ने कोरियासा मैदान में छापेमारी कर अवैध कार्बाइन मशीन गन और दो मैगजिन के साथ हथियार तस्कर सूरज कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी रोहिणी के परमेश्वर चौक का रहने वाला है। उसका ससुराल बिहार के मुंगेर में है, जहां से वह अवैध हथियार लाकर देवघर में सप्लाई करता था। प्रेसवार्ता में एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कोरियासा मैदान के आसपास कुछ अपराधकर्मी हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए जुटने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसडीपीओ कुलदीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई। इस दौरान सूरज कुमार सिंह को पकड़ा गया। उसके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर एक कार्बाइन मशीन गन और दो मैगजिन बरामद किए गए। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पूछताछ में सूरज ने पुलिस को बताया कि वह कुंडा निवासी और बालू घाट का ठेका लेने वाले दीपक झा के लिए काम करता था। एसपी के अनुसार, वर्ष 2022 में दीपक झा ने बसंतपुर बालू घाट का ठेका लिया था। इसके बाद उसे बाबा परिहस्त गैंग की ओर से लगातार धमकियां मिल रही थीं। इसी दौरान सूरज ने मुंगेर से पिस्टल और कार्बाइन लाकर दीपक झा को उपलब्ध कराया था। पुलिस के मुताबिक, अब दीपक झा को कार्बाइन की जरूरत नहीं थी। इसलिए सूरज उसे बेचने के लिए कोरियासा मैदान पहुंचा था, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सूरज के खुलासे के बाद पुलिस ने दीपक झा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस हथियार तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

एसपी ने बताया कि सूरज पूर्व में देवीपुर थाना क्षेत्र के लूटकांड और बांका उत्पाद थाना के शराब तस्करी मामले में जेल जा चुका है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ कुलदीप कुमार के अलावा जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार, कुंडा थाना प्रभारी प्रशांत कुमार, जमादार शिवयतन मुर्मू, तकनीकी शाखा के आरक्षी रियाजुल हक, चंदन कुमार साहा, प्रवीण कुमार, चौकीदार अनिल मंडल और सच्चिदानंद मंडल शामिल थे।