​रांची: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित ‘झारखंड एकता समाज’ के स्थापना दिवस समारोह में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू प्रमुख सुदेश महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

​समारोह को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि परदेश में रहकर भी अपनी पहचान, भाषा-संस्कृति और सामाजिक समरसता को बनाए रखने और मजबूत करने की यह पहल निरंतर जारी रहनी चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि तेलंगाना में बसे झारखंड के सभी लोग हमारे अपने परिवार के समान हैं। उनके सुख-दुख, मान-सम्मान और प्रगति के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

​आजसू प्रमुख ने झारखंड से बाहर रह रहे सभी प्रवासियों का आह्वान किया कि वे अपनी पेशेवर क्षमता के साथ-साथ राज्य की समृद्ध कला, संस्कृति, भाषा और परंपराओं के सांस्कृतिक दूत बनें, जिससे देशभर में झारखंड की एक विशिष्ट पहचान कायम हो सके। समाज द्वारा दिए गए सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि यह सम्मान किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि झारखंडी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता के प्रति अटूट विश्वास का प्रतीक है।

​कार्यक्रम के दौरान झारखंडी एकता समाज के अध्यक्ष विनोद यादव एवं महासचिव किशोर कुमार ने भी अपने विचार रखे और संगठन के कार्यों पर प्रकाश डाला।

​इससे पहले, हैदराबाद एयरपोर्ट पहुँचने पर झारखंडी एकता समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने ढोल-नगाड़ों और गर्मजोशी के साथ सुदेश महतो का भव्य स्वागत किया।