​गोमिया (बोकारो)। ओएनजीसी के गोमिया क्षेत्र स्थित साईट BK # 11 (खुदगड्डा) के स्टोर रूम में अपराधियों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। लाखों रुपये के कीमती सामानों पर हाथ साफ करने के महज तीन दिनों के भीतर चोरों ने दोबारा ताला तोड़कर चोरी की कोशिश की। हालांकि, इस बार ऑन-ड्यूटी सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण वारदात नाकाम हो गई और चोर मौके से भाग खड़े हुए।

मामले की शुरुआत 10 सितंबर को हुई, जब टेस्टिंग सुपरवाइजर बीरजू कुमार ने कनीय अभियंता शुभम गुप्ता को स्टोर रूम से सामान गायब होने की जानकारी दी। छानबीन के बाद 11 सितंबर को गोमिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।​

सनहा दर्ज होने के 48 घंटे बाद, 13 सितंबर की रात चोरों ने फिर उसी स्टोर रूम का ताला तोड़ दिया। अंदर दाखिल होते ही ऑन-ड्यूटी सुरक्षा गार्ड की नजर उन पर पड़ गई। गार्ड ने निडरता दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे घबराकर चोर अंधेरे का फायदा उठाकर बिना कोई सामान उठाए फरार हो गए।

घटना के दिन बीत जाने के बाद भी गोमिया थाना पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। लगातार दो बार हुई वारदात और पुलिसिया जांच में सुराग न मिलने से ओएनजीसी प्रबंधन और कर्मचारियों में भारी चिंता है। प्रबंधन ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्ती बढ़ाई जाए और अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।