हजारीबाग।जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर जारी इस मुहिम के दौरान गुरुवार तड़के पुलिस और वांटेड 'प्रिंस खान गैंग' से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 4:00 बजे बड़कागांव थाना क्षेत्र के '13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड' के पास पुलिस टीम सर्च अभियान चला रही थी। इसी दौरान जंगल क्षेत्र में पुलिस का सामना संदिग्ध अपराधियों से हो गया। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया और बाकी आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग के गुर्गे क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। हाल ही में एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से ही पुलिस इस गैंग की गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही थी। सूचना मिलते ही जिले के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात कर विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अमन कुमार सुबह स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
