गोला (रामगढ़)। रामगढ़ जिला के गोला प्रखंड के कुम्हारदगा एवं सरला कला पंचायत से सटे बाघलतवा जंगल में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। बुधवार को हाथियों के झुंड ने जंगल से निकलकर आसपास के खेतों में जमकर उत्पात मचाया और कई किसानों की खड़ी फसल रौंद डाली। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित किसानों में धीरेन महतो, अकल्यू महतो (कुम्हारदगा) तथा सोहन महतो, ऋषि महतो, सुरेश महतो और महिलाल महतो (सरला कला) शामिल हैं।

ग्रामीणों के अनुसार हाथियों ने धान सहित अन्य फसलों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। लगातार हो रहे नुकसान से किसानों में दहशत और आक्रोश दोनों है।

इधर, हाथियों को देखने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग जंगल की ओर पहुंच रहे हैं। जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने तथा क्षेत्र में लगातार निगरानी और गश्ती बढ़ाने की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने लोगों से हाथियों के पास न जाने और सेल्फी लेने से बचने की अपील की है।