जमशेदपुर। कदमा थाना पुलिस ने चोरी और चापड़ से हमला करने के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक आरोपी की निशानदेही पर कांसा-पीतल के बर्तन, चांदी के सिक्के और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। वहीं, युवक पर चापड़ से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून लगा स्टील का चापड़ बरामद किया गया। न्यू टीसी कॉलोनी में 3 सितंबर को बंद घर में हुई चोरी की जांच सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने 11 सितंबर को मो. जफर खान (32) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर फार्म एरिया रोड नंबर-2 स्थित जर्जर क्वार्टर से चोरी का सामान बरामद हुआ। जांच में साकची क्षेत्र से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण भी उसके पास से मिलने की बात सामने आई। दूसरी घटना शास्त्रीनगर की है, जहां 10 सितंबर की रात मो. कैफ (24) पर चापड़ से हमला किया गया था। मामले में SIT ने मो. दिलरेज खान (20) और जिशान अंसारी (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चापड़ बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।