मेदिनीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा में 25 वर्ष (13 वर्ष प्रधानमंत्री और 12 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री) पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। पलामू परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पलामू सांसद बीडी राम और अभियान के प्रदेश संयोजक सह भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह ने इस पखवाड़े की जानकारी दी।अभियान के तहत बूथ स्तर पर रक्तदान शिविर, आशीर्वाद कार्यक्रम, 'मेरे सपनों का भारत' विषय पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, और 'आंगन मिलन' (आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों व अभिभावकों का सम्मान) का आयोजन होगा। भाजपा कार्यकर्ता लाभार्थियों के घर जाकर 'जिसने दिया अधिकार उसको है मेरा आशीर्वाद' थीम के तहत 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज, अंत्योदय, किसान सम्मान निधि और महिला सशक्तिकरण जैसी योजनाओं की उपलब्धियां बताएंगे व उनके घर दीपक जलवाएंगे।

सांसद ने कहा कि देश की जनता से ही प्रधानमंत्री को शक्ति मिलती है, जिसके बल पर भारत विश्व मंच पर एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है और दुनिया के 37 देशों ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा है।

इस प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष अमित तिवारी, विजय मेहता, प्रफुल्ल सिंह, भोला पांडेय सहित कई अन्य पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।