​जमशेदपुर। बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन (फेज-7) में सोमवार सुबह टाटा स्टील मर्चेंट मिल के पूर्व चीफ संदीप पाल (62) ने 10वीं मंजिल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली।

​मिली जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 5 बजे संदीप पाल घर में बिना किसी को कुछ बताए 10वीं मंजिल की छत पर चले गए और वहां से नीचे छलांग लगा दी। ज़मीन पर गिरते ही मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग उन्हें तुरंत टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।

पुलिस और परिजनों के अनुसार संदीप पाल पिछले कुछ दिनों से गंभीर डिप्रेशन से जूझ रहे थे। करीब 15 दिन पहले ही वे अपनी बेटी का दाखिला मुंबई के एक कॉलेज में कराकर लौटे थे। परिजनों और स्थानीय निवासी शंकर हेंब्रम ने बताया कि मुंबई के माहौल और वहां के रहन-सहन को लेकर वे अपनी बेटी की सुरक्षा के प्रति काफी चिंतित और परेशान रहने लगे थे।

​बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।