दुमका। श्रावणी मेले में बासुकीनाथ आने वाले कांवरियों की सुविधा के लिए बनाए गए टेंट सिटी का जब दुमका उपायुक्त ने औचक निरीक्षण किया, तो वहां की व्यवस्था देख वे दंग रह गए। बेड पर बिछाई गई चादरों की गुणवत्ता देखकर डीसी ने कड़ी नाराजगी जताई और व्यवस्था में तुरंत सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि बेड पर मानक बेडशीट की जगह सफेद रंग का बेहद पतला कपड़ा बिछाया गया था, जो दिखने में कफन जैसा लग रहा था। इस पर गहरा ऐतराज जताते हुए डीसी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
गौरतलब है कि उपायुक्त ने पूर्व की समीक्षा बैठकों में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि टेंट सिटी में कांवरियों के विश्राम के लिए हर दिन बेडशीट बदली जानी चाहिए। इसके बावजूद अधिकारियों की लापरवाही उजागर होने पर उन्होंने सख्त रवैया अपनाया।अधिकारियों को तत्काल बेहतर गुणवत्ता की मानक बेडशीट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।उन्होंने दोहराया कि श्रावणी मेले के दौरान हर दिन हर बेड की चादर अनिवार्य रूप से बदली जाए। उपायुक्त ने साफ कहा कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
