रांची। झारखंड की उत्पाद नीति, शराब आपूर्ति व्यवस्था और झारखंड स्टेट बीवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (जेएसबीसीएल) में हुई कथित वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने तेज कर दी है। ब्यूरो ने समन जारी कर अमित प्रकाश (तत्कालीन उत्पाद आयुक्त), गजेन्द्र सिंह (तत्कालीन संयुक्त आयुक्त, उत्पाद विभाग) और सुधीर कुमार दास (तत्कालीन महाप्रबंधक, वित्त,जेएसबीसीएल) को 4 अगस्त को पूछताछ के लिए तलब किया है।

एसीबी के अनुसार पूर्व में दर्ज बयानों का टेंडर दस्तावेज, पत्राचार, वित्तीय अभिलेखों और बैठकों के रिकॉर्ड से सूक्ष्मता से मिलान किया जा रहा है। जिन बिंदुओं पर विरोधाभास या स्पष्टीकरण की आवश्यकता है, उनके संदर्भ में संबंधित अधिकारियों को पुनः बुलाकर पूछताछ की जा रही है। 4 अगस्त को उपस्थित होने वाले इन तीनों अधिकारियों से भी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आवश्यक स्पष्टीकरण लिया जाएगा। ब्यूरो की जांच का दायरा विस्तृत है। जिसमें मुख्य रूप से टेंडर की शर्तें, उनमें समय-समय पर किए गए बदलाव, संबंधित अधिकारियों व संस्थाओं की भूमिका तथा भाग लेने वाली कंपनियों की प्रक्रिया,बैंक गारंटी, भुगतान, राजस्व वसूली, नकद संग्रह, ऑडिट और बैंक जमा से जुड़े रिकॉर्ड्स का परीक्षण शामिल है। यह भी जांच की जा रही है कि प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की ढिलाई या खामी के कारण सरकारी खजाने को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं।