बोकारो। बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के विस्तारीकरण कार्य में स्थानीय विस्थापितों के अधिकारों और रोजगार को लेकर उप-श्रमायुक्त कार्यालय में आयोजित त्रिपक्षीय वार्ता सकारात्मक रही। बैठक में यह सहमति बनी कि बीएसएल विस्तारीकरण परियोजना के तहत स्थानीय विस्थापितों को 70 प्रतिशत रोजगार दिया जाएगा।​उप-श्रमायुक्त कार्यालय में हुई इस बैठक में श्रम अधीक्षक, प्राइममेटल कंपनी लिमिटेड, एल एंड टी प्रोजेक्ट (न्यू सिंटर प्लांट) तथा भाकपा (माले) लिबरेशन के प्रतिनिधि शामिल हुए।

​बीएसएल विस्तारीकरण के दौरान निकलने वाले रोजगार में 70 प्रतिशत अवसर स्थानीय विस्थापितों के लिए आरक्षित रहेंगे।जिन विस्थापितों के पास पोकलेन, क्रेन, हाइवा, डंपर जैसे निर्माण उपकरण उपलब्ध हैं, उन्हें काम में प्राथमिकता दी जाएगी। विस्थापित ठेकेदारों को भी परियोजना के तहत ठेका कार्य उपलब्ध कराने पर सहमति जताई गई। ​बैठक में प्राइम मेटल कंपनी की ओर से संदीप कुमार, एल एंड टी की ओर से विद्या प्रसाद तथा भाकपा (माले) लिबरेशन की ओर से दिलीप तिवारी, राजू दुबे और बनमाली दत्ता उपस्थित रहे। सभी पक्षों ने स्थानीय विस्थापितों के हितों की रक्षा करते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर रोजगार और अवसर प्रदान करने पर बल दिया।