रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा गांधीनगर स्थित महात्मा गांधी क्रीड़ांगन में एकदिवसीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच खेलकूद को प्रोत्साहित करना और उनकी खेल प्रतिभा को बेहतर मंच प्रदान करना था।
प्रतियोगिता का उद्घाटन निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। अधिकारियों ने खेल को महिला सशक्तिकरण, अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बताया।
प्रतियोगिता में तीन टीमों (सीसीएल पैंथर्स, सीसीएल टाइटन्स और सीसीएल वॉरियर्स) ने भाग लिया।10-10 ओवरों के खिताबी मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीसीएल पैंथर्स ने 137/1 का मजबूत स्कोर बनाया। जवाब में सीसीएल वॉरियर्स 111/6 रन ही बना सकी।
मैच के समापन पर मुख्य अतिथियों द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
