जमशेदपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गायत्री शिक्षा निकेतन परिसर स्थित आवास में संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई इंजीनियर सत्यप्रकाश सुधांशु ने अपने छोटे भाई व 111 सेव लाइफ नर्सिंग होम के संचालक डॉ. ओ.पी. आनंद को गोली मार दी। पीठ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल चिकित्सक का इलाज टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज सहित आदित्यपुर और आरआईटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सत्यप्रकाश सुधांशु को गिरफ्तार कर लिया है और उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद कर ली है। घायल डॉ. आनंद वर्ष 2024 में जमशेदपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुके हैं।