रामगढ़ । मंगलवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत मुर्रामकलां स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट (SWM) प्रोसेसिंग प्लांट स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थल पर चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट का निर्माण करने वाली एजेंसी को निर्देश दिया कि प्लांट निर्माण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्लांट निर्माण के साथ-साथ बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य भी समानांतर रूप से कराया जाए तथा इसके लिए एजेंसी अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्य सुनिश्चित करे। प्लांट से संबंधित सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूर्ण करने का निर्देश दिया गयाl ताकि प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन प्रारंभ किया जा सके।
उपायुक्त ने रामगढ़ नगर परिषद एवं रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्लांट निर्माण पूर्ण होने तक प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे के प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। इसके लिए उपलब्ध आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों का समुचित उपयोग करते हुए कचरे का व्यवस्थित डंपिंग एवं प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए।
वहीं स्थल पर पूर्व से जमा पुराने कचरे (लेगसी वेस्ट) के निष्पादन के संबंध में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि इसके निष्पादन हेतु विस्तृत DPR तैयार कराई जाएगी। विभागीय अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए पुराने कचरे का निष्पादन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, उपायुक्त द्वारा स्थल पर चल रहे बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि रामगढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित एजेंसियां एवं निकाय आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि लगभग दो माह पूर्व उपायुक्त, रामगढ़ द्वारा रामगढ़ नगर परिषद एवं संबंधित एजेंसी को प्रस्तावित प्लांट स्थल पर जमा लगभग 42,000 मीट्रिक टन से अधिक कचरे को हटाने का निर्देश दिया गया था। प्लांट निर्माण की दिशा में यह सबसे बड़ी चुनौती थी। लगातार भारी बारिश के कारण कचरे को हटाने का कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था। हालांकि, उपायुक्त द्वारा नियमित रूप से कार्यों की निगरानी की गई तथा पिछले दो माह में तीन बार स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके परिणामस्वरूप आज प्रस्तावित स्थल प्लांट निर्माण के लिए पूरी तरह तैयार हो गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद रामगढ़ अजमल हुसैन, सिटी मैनेजर राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी, रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रतिनिधि, सबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
