रामगढ़। चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने पटेल चौक से कुजू नया मोड़ तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए रामगढ़ के उपायुक्त महोदय को पत्र लिखकर उक्त सड़क निर्माण कार्य की तत्काल उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

चैम्बर के अध्यक्ष मंजीत सहानी ने कहा कि उक्त सड़क निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों की अनदेखी किए जाने तथा निम्नस्तरीय निर्माण सामग्री के उपयोग की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि सड़क निर्माण का कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों के भीतर कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है तथा जगह-जगह गड्ढे बनने शुरू हो गए हैं। यह स्थिति निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पर सरकार द्वारा लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, ताकि आम जनता को बेहतर एवं टिकाऊ सड़क सुविधा मिल सके। लेकिन यदि निर्माण कार्य में ही गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जाएगी, तो यह सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग के साथ-साथ आम नागरिकों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है।

चैम्बर ने उपायुक्त से मांग की है कि अब तक किए गए निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए तथा निर्माण में उपयोग की गई सामग्री के नमूनों का प्रयोगशाला परीक्षण भी सुनिश्चित किया जाए। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता अथवा गुणवत्ता मानकों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित संवेदक एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही घटिया निर्माण कार्य को दुरुस्त करवाकर सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाए।

चैम्बर मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी मानु का कहना है कि सड़क निर्माण जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सरकारी राशि का सदुपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ आम जनता को मजबूत, सुरक्षित एवं टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। चैम्बर को उम्मीद है कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले पर अविलंब संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।