गिरिडीह/हजारीबाग। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से झारखंड के गिरिडीह और हजारीबाग जिलों में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को भव्य पदयात्रा और जनसभाओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में पार्टी के दिग्गज नेताओं और हजारों कार्यकर्ताओं ने भारी संख्या में हिस्सा लेकर कांग्रेस, झामुमो और ‘इंडी’ गठबंधन पर तीखा हमला बोला।

गिरिडीह के झंडा मैदान में आयोजित जनसभा के बाद शहर में पदयात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से शामिल हुए। नेताओं ने एसआईआर (मतदाता सूची संशोधन), बांग्लादेशी घुसपैठ और राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरा। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि घुसपैठियों को इंडी गठबंधन का संरक्षण प्राप्त है, जबकि बाबूलाल मरांडी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए नागरिकों को जागरूक होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र राय, प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शालिनी बैसखियार, लक्ष्मण सिंह, लक्ष्मण स्वर्णकार, गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, प्रो. विनीता कुमारी, बिनय सिंह, अशोक उपाध्याय, महादेव दुबे, दिनेश यादव, नवीन सिन्हा, मनोज संगई और संजीव कुमार सहित कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हजारीबाग के झील रोड स्थित जिला स्कूल मैदान से शुरू हुई पदयात्रा और जनसभा में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि और हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने और विदेशी शक्तियों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया। वहीं, सांसद मनीष जायसवाल, विधायक अमित कुमार यादव, प्रदीप प्रसाद, रोशन लाल चौधरी और पूर्व विधायक बिरंची नारायण समेत अन्य वक्ताओं ने विपक्ष पर देश में भ्रम और अराजकता फैलाने का कड़ा विरोध जताया।

पदयात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और राष्ट्रहित के संकल्प को दोहराया।