मेदिनीनगर। विपक्षी दलों के भ्रमजाल का जवाब देने और जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को शिवाजी मैदान से जिला समाहरणालय परिसर तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जाएगी।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व मंत्री व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने विपक्षी दलों, विशेषकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 18 विपक्षी पार्टियां एसआईआर के नाम पर देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आजादी के बाद जब देश में 13 बार एसआईआर हुआ, तब कांग्रेस को कोई आपत्ति नहीं थी, लेकिन, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के पारदर्शी नेतृत्व में यह प्रक्रिया होने पर विपक्ष को पेट में दर्द क्यों हो रहा है?
श्री मुंडा ने स्पष्ट किया कि भाजपा देश से अराजकता समाप्त करके ही दम लेगी और केंद्र सरकार में देश का संविधान पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने झारखंड सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और नागरिक कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।
प्रेस वार्ता में मौजूद कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक मनोज सिंह ने कहा कि विपक्षी दल बांग्लादेश और पाकिस्तान की तर्ज पर तख्तापलट की नीति अपनाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का दूसरा चरण छठ पूजा के बाद 19 से 25 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक डॉ. शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया और जिलाध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
