देवघर। पूर्व राज्यपाल सह पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य की समृद्धि की कामना की। पूजा के उपरांत स्थानीय परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला। रघुवर दास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दल देश में अराजकता फैलाकर भारत की एकता और अखंडता को खंडित करने की साजिश रच रहे हैं।

रघुवर दास ने महागठबंधन के नेताओं पर वंशवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और हेमंत सोरेन जैसे नेता उसी के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता द्वारा चुनी गई गरीब-कल्याणकारी और राष्ट्रवादी सरकार से नफरत है। विपक्ष नहीं चाहता कि भारत का गरीब व्यक्ति प्रधानमंत्री बने या एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद पर आसीन हो। उन्होंने चेतावनी दी कि विपक्षी नेता भारत को बांग्लादेश, श्रीलंका और फ्रांस जैसी हिंसक परिस्थितियों में धकेलने का प्रयास कर रहे हैं।

गम्हरिया थाने में घटित घटना का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने हेमंत सोरेन सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि वर्तमान शासन में झारखंड में बहू-बेटियां थाने के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। वहीं, एक नवंबर को दिल्ली में हुई विपक्षी रैली पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि 10 लाख की भीड़ जुटाने का दावा करने वाले विपक्ष की रैली महज कुछ हजार लोगों में सिमट कर रह गई, जिससे साफ है कि देश की जनता उनके साथ नहीं है।

इलेक्शन कमीशन द्वारा कराए जा रहे एसआईआर का बचाव करते हुए रघुवर दास ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के बहाने विपक्ष एसआईआर का विरोध इसलिए कर रहा है ताकि बांग्लादेश, पाकिस्तान और म्यांमार से आए अवैध घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा सके और उनके अवैध वोटों से सत्ता हासिल की जा सके। हकीकत यह है कि चुनाव आयोग सिर्फ अवैध मतदाताओं को हटा रहा है ताकि देश के नागरिक पारदर्शी तरीके से अपनी सरकार चुन सकें।

उन्होंने ऐलान किया कि भारतीय जनता पार्टी विपक्ष के इन मंसूबों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। इसके खिलाफ भाजपा पूरे देश में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत पदयात्राएं आयोजित कर रही है। इसी क्रम में झारखंड में भी छह स्थानों पर पदयात्रा निकाली जाएगी, जिसकी शुरुआत 5 नवंबर को दुमका से होगी। इस पदयात्रा के माध्यम से विपक्ष को बेनकाब किया जाएगा और मोदी सरकार की जन-कल्याणकारी उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, पूर्व मंत्री रणधीर सिंह, पूर्व विधायक नारायण दास, गौरीशंकर शर्मा, मनोज मिश्र, रीता चौरसिया और विजया सिंह सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।